बीजेपी संगठन में बदलाव: अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर, नितिन नबीन ने जारी की स्वीकृति
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उनके त्यागपत्र को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर वाले प्रेस नोट में स्पष्ट किया गया है कि अब अन्नामलाई भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं रहे हैं।
दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से की थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, दो जून को अन्नामलाई ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट की।
सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों के दौरान अन्नामलाई ने पार्टी से सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने की इच्छा जताई थी। मुलाकात के बाद वह तमिलनाडु लौटना चाहते थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए कहा। हालांकि, पार्टी के प्रयासों के बावजूद अन्नामलाई अपने फैसले पर अडिग रहे। अंततः पार्टी नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए उस पर अंतिम मुहर लगा दी।


