उत्तराखंड

अर्जुन शर्मा हत्याकांड: 6 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, मामला दर्ज

देहरादून। अर्जुन शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल छह आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर भूमि संबंधी विवाद और अवैध लाभ हासिल करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में नामजद छह आरोपियों में से पांच वर्तमान में जेल में बंद हैं।

गौरतलब है कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के पास परेड ग्राउंड क्षेत्र में स्कूटी सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में परिजनों की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों शूटरों पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू को रायपुर और डोईवाला थाना क्षेत्रों में हुई पुलिस मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश में चार अन्य लोगों की संलिप्तता का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

पुलिस के मुताबिक, साजिश में शामिल संगीता उनियाल को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत (स्टे) मिली हुई है। जांच में सामने आया कि गैंग लीडर विनोद उनियाल ने संगीता उनियाल, पंकज राणा, राजीव उर्फ राजू, डॉ. अजय खन्ना और बीना शर्मा के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया था। इस गिरोह ने भूमि खरीद-फरोख्त से जुड़े विवादों और अवैध लाभ के लिए हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस का कहना है कि विनोद उनियाल और उसके सहयोगी पहले भी भूमि विवादों तथा अन्य समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इसी आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button