
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /लक्सर। परचून के थोक व्यापारी के कर्मचारी से हुई लूट की वारदात में पुराना नौकर ही मास्टर माइंड निकला। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपित व उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया। उनके कब्जे से 1.85 लाख की नकदी, बैग, आधार कार्ड व घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।मंगलवार को लक्सर कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत में एसपी देहात शेखर सुयाल ने लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए बताया कि रवि राठौर निवासी लक्सर गांव में परचून के थोक व्यापारी भूषण लाल के यहां कार्य करते हैं। भूषण का काम उधार सामान ले जाने वाले दुकानदारों से बकाया वसूल करना है। एक फरवरी को वह वसूली के लिए सुल्तानपुर क्षेत्र में गया था। दुकानदारों से पैसा जमा कराने के बाद वह बाइक से लक्सर वापस लौट रहा था।श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर नकदी से भरा बैग लूट लिया था। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने एक आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि उसके तीन साथी बैग लेकर फरार हो गए थे। रवि की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश की। मुखबिर व अन्य तंत्रों की मदद लेकर पुलिस ने गुलशेर, फरमान व साहिल निवासी खडंजा कुतुबपुर कोतवाली लक्सर को धर दबोचा। जिनके कब्जे से लूटी गई 1.85 लाख की नकदी, आधार कार्ड, काले रंग का बैग और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली।
एसपी देहात ने बताया कि गुलशेर पहले व्यापारी की दुकान पर कार्य करता था। अनबन होने के चलते कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था। उसे पता था कि रवि व्यापारी के लिए बकाये की वसूली करता है और वह हर रविवार को सुल्तानपुर क्षेत्र से मोटी रकम इकट्ठा कर लक्सर लौटता है। जिसके चलते उसने गांव के ही अपने दो साथियों फरमान व साहिल के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और रविवार को वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बदमाशों को धर दबोचा।


