
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून शहर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बसंत विहार थाना क्षेत्र के ऋषि विहार में एक घर की छत पर कट्टे में मिले एक दिन के नवजात शिशु के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने बच्चे की मां को ढूंढ निकाला है। जांच में एक बेहद मार्मिक और दुखद कहानी सामने आई है। नवजात को जन्म देने वाली युवती अविवाहित है और जिस मंगेतर से उसे गर्भ ठहरा था, उसकी शादी से पहले ही एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे की मां का रिश्ता करीब डेढ़ साल पहले एक युवक से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच मेल-जोल बढ़ा और संबंध बन गए। नियति को कुछ और ही मंजूर था। कुछ महीने पहले ही मंगेतर की हरिद्वार में सड़क हादसे में मौत हो गई।मानसिक तनाव में प्रेग्नेंसी पर ध्यान नहीं दिया
पुलिस के मुताबिक मंगेतर की मौत के बाद युवती गहरे सदमे में चली गई थी। इस मानसिक तनाव के कारण उसने अपनी प्रेग्नेंसी पर ध्यान नहीं दिया। घटना वाले दिन युवती ने घर के बाथरूम में ही बच्चे को जन्म दिया। मंगेतर की मौत और सामाजिक लोकलाज के डर से वह घबरा गई। बदनामी के डर से उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को कट्टे में डालकर मकान की छत पर छोड़ दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पुलिस पहुंची थी।
बच्चे को अपनाने को तैयार युवती के घरवाले
एसएसआई बसंत विहार दुर्गेश कोठियाल ने बताया कि मामले में नवजात को लावारिस छोड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी मां सोमवार को पुलिस को मिल गई। युवती और उसके परिजन बच्चे को ले जाने के लिए तैयार हैं।
नवजात की हालत सामान्य
उन्हें बच्चा सुपुर्द किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, दून अस्पताल के बाल रोग विभाग के एचओडी डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि नवजात की हालत सामान्य है। पुलिस के माध्यम से परिजन अस्पताल आ गए हैं, जल्द बच्चा डिस्चार्ज होगा। फिलहाल डाक्टर निगरानी कर रहे हैं।



