उत्तराखंड

नैनीताल कोर्ट को लगातार दूसरे दिन आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड lनैनीताल जिला अदालत को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने से लगातार दूसरे दिन हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह फिर एक ई-मेल के जरिए न्यायालय परिसर में आरडीएक्स बम लगाए जाने की धमकी दी गई। इससे पहले सोमवार को भी इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला था, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया कि जज के चैंबर में कई आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं और दोपहर से पहले विस्फोट कर दिया जाएगा। मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया। एहतियातन न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए गए और अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व आम लोगों को बाहर निकाल लिया गया।बम निरोधक दस्ता और पूरे परिसर की गहन जांच
सूचना पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, खुफिया एजेंसियां और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर न्यायालय की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
उत्तरकाशी में भी मिला था धमकी भरा मेल
सोमवार को उत्तरकाशी जिला एवं सत्र न्यायालय और नैनीताल जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। नैनीताल में जिला जज की ई-मेल पर भेजे गए संदेश में जज के चेंबर में 12 आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया था और दोपहर 12:15 बजे तक कोर्ट खाली कराने की चेतावनी दी गई थी।

दोनों जिलों में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियों ने हर कोने की जांच की, जबकि कुछ स्थानों पर ड्रोन से भी निगरानी की गई। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button