हल्द्वानी में भू-माफियाओं की दादागीरी, बुजुर्ग महिला की जमीन हड़पने की कोशिश; चुराया लाखों का सामान

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /हल्द्वानी । शहर के लामाचौड़ क्षेत्र में भूमिधरी जमीन को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। पालम सिटी निवासी प्रफुल्ल गुप्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि कथित भू-माफिया गिरोह ने न केवल उनकी 70 वर्षीय मां की जमीन पर कब्जे की कोशिश की, बल्कि लाखों रुपये खर्च कर विकसित की गई संपत्ति को भी उखाड़कर चोरी कर लिया।पीड़ित ने द्वितीय न्यायिक दंडाधिकारी हल्द्वानी की अदालत को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उनकी 70 वर्षीय माता दुर्गा देवी ने वर्ष 2005 में ग्राम जयपुर पाडली लामाचौड़ क्षेत्र में 0.670 हेक्टेयर भूमि विधिवत बैनामे से खरीदी थी। परिवार द्वारा वर्षों से भूमि पर काश्तकारी कर बगीचा लगाया।मां के वृद्धावस्था और स्वास्थ्य कारणों से जमीन की देखभाल की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। आरोप है कि वर्ष 2018-19 में आरोपितों ने जेसीबी मशीन से पश्चिमी बाउंड्री वाल और अंदर बना कमरा ध्वस्त कर दिया था। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और राज्य महिला आयोग में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
वर्ष 2020 में लाकडाउन के दौरान भूमाफियाओं ने भूमि से आम के आठ बड़े पेड़ भी काट दिए। फिर 16 सितंबर 2021 को पुनः बाउंड्री तोड़े जाने की कोशिश के बाद सीनियर सिविल जज, हल्द्वानी की अदालत में वाद दायर किया गया। 19 जुलाई 2023 को न्यायालय ने आरोपितों को संपत्ति में अतिक्रमण से रोकते हुए निषेधाज्ञा पारित की थी। बताया कि जमीन की सुरक्षा के लिए करीब 10-12 लाख रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे, लोहे का फ्रेम, टिनशेड, हाल, टायलेट-बाथरूम और किचन बनवाया।निर्माण सामग्री, सरिया, गार्डर, एंगल, ईंट-बजरी आदि भी मौके पर रखे गए थे। लेकिन 27 अगस्त 2024 की शाम जब वह स्थल पर पहुंचे तो पूरा लोहे का ढांचा, टिनशेड, कैमरे, स्टोरेज डिवाइस, फर्नीचर, निर्माण सामग्री समेत अन्य सामान गायब मिला।
मौके पर कुछ भी शेष नहीं था।उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में धमकियां देने वाले रमेश पलड़िया, कन्नू पलड़िया, मयंक शर्मा और ललित प्रताप सिंह रावत ने गिरोह बनाकर यह कृत्य किया है। घटना के बाद लामाचौड़ चौकी और फिर 28 अगस्त 2024 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को ईमेल से शिकायत भेजी गई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। अब न्यायालय के आदेश के बाद मुखानी थाना में भूमाफियाओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।



