उत्तराखंड

अल्मोड़ा में पिकअप खाई में गिरी, बस को रास्ता देने में हुआ हादसा; पांच घायल

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड /अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र के डोटीयाल नामक स्थान पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सामने से आ रही बस को रास्ता देने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों ने बताया कि यदि बस से सीधी टक्कर हो जाती, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और अपनी निजी गाड़ियों से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए देवायल, सल्ट अस्पताल पहुंचाया।

इस हादसे में पिकअप चालक साकम सिंह (35, निवासी सराईखेत) सहित राजेंद्र सिंह (36, केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर), सुभाष (19, नेपाल), चंद्रसेन सैनी (41, बिजनौर) और विजेंद्र सिंह (36, बिजनौर) घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।ग्रामीणों ने बताया कि डोटीयाल के पास सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क संकरी होने के साथ ही जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे पहले भी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button