उत्तराखंड

चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, उत्तराखंड समेत 22 राज्यों में शुरू होगी अप्रैल से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड: भारत के निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड सहित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अप्रैल महीने से एसआईआर शुरू करने की संभावना जताई है।

चुनाव आयोग के अनुसार, एसआईआर के तीसरे चरण की शुरुआत के लिए संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन राज्यों में होगा एसआईआर

आयोग ने जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर कराने के आदेश जारी किए हैं, उनमें शामिल हैं:

उत्तराखंड, झारखंड, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, लद्दाख, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा और तेलंगाना।

पहले और दूसरे चरण की स्थिति

जानकारी के अनुसार पहले चरण में बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का कार्य जारी है। वहीं, असम में एसआईआर के बजाय मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण 10 फरवरी को पूरा कर लिया गया है।

क्या है एसआईआर?

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जाता है। इसमें नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और त्रुटियों का सुधार शामिल होता है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाए रखना है।

चुनाव आयोग का यह कदम आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को पारदर्शी और सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button