उत्तराखंड

मार्च में हरिद्वार आएंगे अमित शाह, प्रदेश टोली की बैठक में चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे। इस दौरान वे जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह बड़ा राजनीतिक आयोजन माना जा रहा है।

प्रदेश टोली की बैठक में चुनावी नब्ज टटोलेंगे शाह

अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश टोली की अहम बैठक भी आयोजित होगी। बैठक में कोर कमेटी के सभी सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शाह प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठन की मजबूती का आकलन करेंगे। बैठक में यह भी चर्चा होगी कि किन क्षेत्रों में पार्टी मजबूत है और कहां सुधार की जरूरत है।

एंटी-इनकंबेंसी को प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में सरकार बदलाव की चर्चाओं पर विराम लगाने की तैयारी में है। अमित शाह राजनीतिक स्थायित्व का संदेश देंगे और लगातार दो सरकारों के बाद संभावित एंटी-इनकंबेंसी को प्रो-इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

23 मार्च को पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा

सात मार्च के कार्यक्रम के बाद 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सात मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में प्रदेश टोली की बैठक होगी, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा कर भविष्य की रणनीति को और मजबूत किया जाएगा।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button