उत्तराखंड

रोडरेज में ब्रिगेडियर की मौत के बाद धामी सरकार ऐक्शन मोड में, ‘ऑपरेशन प्रहार’ होगा शुरू

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश lदेहरादून में हालिया आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर सरकार अब सख्त एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की रूपरेखा तय की गई।जोहड़ी में दो गुटों के बीच फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया। मंगलवार को कानून व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं पर सख्त नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कहीं भी हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हुड़दंगियों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने गृह विभाग व पुलिस को तत्काल प्रदेशभर में जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि रोडरेज, फायरिंग व देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाएं।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। सीएम के निर्देश पर उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी के उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों को सीएम के सख्त निर्देश
उधर, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पीएचक्यू में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें गढ़वाल और एसटीएफ के वरिष्ठ अफसरों समेत देहरादून पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कानून-व्यवस्था चुस्त रखने के लिए जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए कड़े निर्देश दिए गए। आईजी गढ़वाल को देहरादून की दैनिक मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। फील्ड स्तर पर क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, बैरियरों पर सघन चेकिंग करने और खासतौर पर सुबह के समय गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए। एसटीएफ को सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।दिन-रात के साथ अब मॉर्निंग पट्रोलिंग भी
मॉर्निंग वॉक कर रहे सेना के पूर्व ब्रिगेडियर के हुड़दंगियों की गोलियों का शिकार बनने के बाद सरकार ने नया कदम उठाया है। इसके तहत पुलिस अब दिन-रात की पट्रोलिंग तो बढ़ाएगी ही, साथ ही मॉर्निंग पट्रोलिंग भी शुरू करेगी।

मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने सचिवालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गृह विभाग और पुलिस अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने किरायेदारों और पीजी में रहने वालों के सत्यापन के लिए भी अभियान चलाने को कहा। बार-रेस्टोरेंट के लिए तय मानकों का कठोरता से पालन कराने के निर्देश दिए।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button