सुष्मिता सेन पर उठे सवालों पर बोले ललित मोदी, कहा- “सच तो यह है कि वह डायमंड डिगर हैं”
हैदराबाद। पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी ने जब सोशल मीडिया पर अभिनेत्री सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते का खुलासा किया था, तब यह खबर इंटरनेट पर खूब चर्चा में रही। जहां कुछ लोगों ने दोनों के रिश्ते का समर्थन किया, वहीं कई ट्रोल्स ने सुष्मिता सेन को ‘गोल्ड डिगर’ कहकर निशाना बनाया। उस समय सुष्मिता ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर आलोचनाओं का जवाब दिया था, लेकिन विवाद थमता नजर नहीं आया। अब रिश्ते के खत्म होने के बाद ललित मोदी ने इस पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है।
एक इंटरव्यू के दौरान ललित मोदी ने सुष्मिता सेन का बचाव करते हुए कहा कि वह बेहद सफल, आत्मनिर्भर और सम्मानित महिला हैं। उन्होंने कहा, “सुष्मिता एक खूबसूरत और अपने दम पर पहचान बनाने वाली महिला हैं। मेरे परिचितों में उनके जैसा अनमोल इंसान शायद ही कोई हो। उन्होंने अपनी मेहनत से सब कुछ हासिल किया है और उनके पास हीरों का कारोबार भी था।”
ललित मोदी ने आगे कहा कि उनके रिश्ते के दौरान कभी ऐसा नहीं हुआ कि उन्हें किसी खर्च का भुगतान करना पड़ा हो। उनके मुताबिक, “जब भी हम कहीं जाते थे, सारा खर्च सुष्मिता खुद उठाती थीं। वह किसी से कुछ लेना पसंद नहीं करती थीं। ऐसे में उन्हें ‘गोल्ड डिगर’ कहना पूरी तरह गलत था।”


