ब्रेकिंग न्यूज़

DAV कॉलेज छात्रवृत्ति घोटाला: ईडी ने दो आरोपियों के खिलाफ अदालत में पेश की चार्जशीट

देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रवृत्ति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दो आरोपियों, पीयूष चंद्र भटनागर और रंजना रावत के खिलाफ विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) दाखिल की है। जांच में छात्रवृत्ति की करोड़ों रुपये की राशि के कथित गबन और उसके निजी उपयोग में लगाए जाने के आरोप सामने आए हैं।

ईडी की जांच के मुताबिक वर्ष 2009 से 2014 के बीच अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (एससी, एसटी और ओबीसी) के छात्रों के लिए जारी छात्रवृत्ति की रकम एक अनधिकृत बैंक खाते में जमा कराई गई थी। जांच में पाया गया कि उक्त खाते में छात्रवृत्ति की राशि, अन्य कॉलेज खातों से ट्रांसफर किए गए धन और ब्याज सहित करीब 2.27 करोड़ रुपये जमा हुए थे।

इस मामले में सबसे पहले उत्तराखंड पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। उसी के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कॉलेज प्रबंधन समिति ने बैंक की लक्ष्मी रोड शाखा में खाता खोलने की मंजूरी दी थी, लेकिन कथित रूप से दस्तावेजों में हेरफेर कर जीएमएस रोड शाखा में एक अलग और अनधिकृत खाता संचालित किया गया, जिसके जरिए छात्रवृत्ति की रकम का लेन-देन किया गया।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button