यूपी के नक्शेकदम पर चला उत्तराखंड, एक को भी छुट्टी
दीपावली पर राजकीय कर्मचारियों को सरकारी छुट्टी की डबल डोज मिली

जनादेश एक्सप्रेस/देहरादून
उत्तराखंड का जन्म उत्तर प्रदेश के एक हिस्से को अलग कर हुआ है। अक्सर यूपी को बड़ा और उत्तराखंड को छोटा भाई कहा जाता है। जाहिर तौर पर ज्यादातर मामलों में उत्तराखंड अपने बडे़ भाई उत्तर प्रदेश का फाॅलो करता है। दीपावली की छुट्टी के मामले में भी ऐसा हुआ है। यूपी ने एक नवंबर को भी दीपावली की छुट्टी घोषित की, तो फिर उत्तराखंड कहां पीछे रहने वाला था। झट से आदेश जारी हो गया कि अब 31 अक्टूबर को तो छुट्टी रहेगी ही, एक नवंबर को भी सरकारी कार्यालयों पर ताले जडे़ रहेंगे। कर्मचारियों की मौज आ गई है। क्योंकि अब उन्हें 31 अक्टूबर से लेकर तीन नवंबर तक लगातार छुट्टी मिल रही है।
दीपावली को लेकर इस बार असमंजस रहा है। दीपावली 31 अक्टूबर और एक नवंबर दोनों ही दिन बताई जा रही है। उत्तराखंड सरकार ने पहले एक नवंबर को दीपावली का अवकाश घोषित किया था, लेकिन कई जगह 31 अक्टूबर को दीपावली मनाए जाने की सूचना के बीच सरकार ने छुट्टी की अधिसूचना में परिवर्तन कर दिया था। एक नवंबर की जगह 31 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इस बीच, यूपी सरकार ने 31 अक्टूबर के साथ ही एक नवंबर को भी दीपावली का अवकाश घोषित किया, तो उत्तराखंड ने भी इस तरह का अवकाश घोषित कर दिया। यूपी ने अपने आदेश में एक नवंबर की छुट्टी के एवज में यह शर्त जोड़ी है कि कर्मचारियों को नौ नवंबर को द्वितीय शनिवार पर छुट्टी नहीं मिलेगी और उन्हें कार्यालय आना पडे़गा। हालांकि उत्तराखंड सरकार के आदेश में नौ नवंबर को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया है। नौ नवंबर को उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस मनाया जाता है।