अल्मोड़ा : शार्ट सर्किट से परचून की दुकान में लगी आग, नकदी सहित लगभग दो लाख रुपये का नुकसान

अपराध उत्तराखंड व्यापार
कृतिका भारद्वाज

जनादेश /उत्तराखंड /अल्मोड़ा। धौलादेवी विकासखंड के आरतोला गांव में सोमवार रात एक परचून एवं सस्ते गल्ले की दुकान में अचानक आग लगने से नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।आरतोला निवासी जीवन सिंह आरतोला गांव में परचून और सस्ते गल्ले की दुकान का संचालन करते हैं। सोमवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब नौ बजे दुकान के पास रहने वाले ग्रामीणों ने दुकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना दुकान स्वामी को दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को भी मौके पर बुलाया।स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।


प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान स्वामी जीवन सिंह आरतोला के अनुसार आग की चपेट में आकर दुकान में रखी लगभग 35 हजार रुपये की नकदी, राशन सामग्री, परचून का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। कुल मिलाकर लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

सूचना मिलने पर राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश अंडोला ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का आंकलन किया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार आर्थिक संकट में है और प्रशासन से सहायता की मांग कर रहा है।

Janadesh Express