
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /देहरादून। राजधानी देहरादून के बालावाला क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही रिश्तेदार पर लगातार छेड़छाड़, अश्लील हरकतें, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने थाना रायपुर में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता श्रीमती सोनम देवी, पत्नी श्री कमल किशोर, निवासी विजयलोक कॉलोनी, बालावाला, देहरादून ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके घर के पास रहने वाला उनका मामा ससुर अमर सिंह आए दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है। आरोप है कि आरोपी प्रायः नशे की हालत में उनके घर के आसपास आता है और खुलेआम गाली-गलौज करता है। कई बार उसने अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए महिला से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी अक्सर नशे की हालत में कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें करता है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की इन हरकतों के कारण परिवार भय और मानसिक तनाव में जीने को मजबूर है। महिला का कहना है कि आरोपी ने कई मौकों पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे उनकी और उनके बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अमर सिंह ने पीड़िता पर संपत्ति हड़पने का दबाव बनाया। महिला के अनुसार, आरोपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि वह अपनी सारी संपत्ति और कीमती सामान उसे और उसके साथियों को सौंप नहीं देती, तो वह पूरे परिवार की हत्या कर देगा। पीड़िता का दावा है कि इस धमकी के चलते परिवार दहशत में है और लगातार असुरक्षा की भावना में रह रहा है। इस तरह की धमकियों ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पीड़िता ने बताया कि 24 जनवरी 2026 को भी आरोपी नशे की हालत में उनके पास आया और एक बार फिर गाली-गलौज, छेड़छाड़ और मारपीट की। इस दौरान उसने जान से मारने की धमकी देते हुए संपत्ति सौंपने का दबाव भी बनाया। हालात बिगड़ते देख महिला ने तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। पीड़िता का कहना है कि इस पूरी घटना के वीडियो साक्ष्य भी उनके पास उपलब्ध हैं, जिन्हें उन्होंने पुलिस को सौंपने की बात कही है।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ अश्लील हरकत, छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और जबरन संपत्ति हड़पने के प्रयास जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।