हरिद्वार में टेंट गोदाम में भीषण अग्निकांड, ढाई घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं
हरिद्वार के बैरागी कैंप में बुधवार दोपहर प्रकाश टेंट के गोदाम में भीषण आग लग गई। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली, जिससे घना धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। अग्निकांड के कारण आसपास अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन ढाई घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। पुलिस और दमकलकर्मी पास की झुग्गियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के बैरागी कैंप क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक टेंट गोदाम में भीषण आग लगी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का घना गुबार तीन से चार किलोमीटर दूर से दिखाई दिए। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।बुधवार करीब 12 बजे बैरागी कैंप स्थित प्रकाश टेंट के गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में गोदाम के भीतर आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने लपटें उठती देख शोर मचाया और आसपास के लोगों को सतर्क किया। आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा, गद्दे, बांस, प्लास्टिक व अन्य टेंट सामग्री रखी थी, जो अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण आग के लिए ईंधन साबित हुई।आग की लपटें और धुएं का गुबार ऊंचाई तक उठने लगा। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। कनखल थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोग भी बाल्टियों और पाइप के सहारे प्रारंभिक प्रयास करते दिखाई दिए, किंतु आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी रहे।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम के चारों ओर से आग पर काबू पाने और पास की झुग्गियों, मकानों को बचाने का प्रयास किया। अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं हो पाया है।


