उत्तराखंडहरियाणा

वाहन ओवरटेक को लेकर विवाद, पर्यटकों और स्थानीय युवाओं में झड़प, पुलिस ने संभाली स्थिति

कृतिका भारद्वाज

जनादेश /उत्तराखंड /श्रीनगर (गढ़वाल)। हरियाणा से आए पर्यटकों और स्थानीय युवाओं के बीच वाहन ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पर्यटकों को हिरासत में लेकर श्रीनगर चौकी पहुंचाया।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चौकी के बाहर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानीय युवाओं ने पुलिस हिरासत में मौजूद पर्यटकों के साथ मारपीट भी कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को संभाला और पर्यटकों को चौकी में बंद किया।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि पर्यटक गलत दिशा में वाहन चला रहे थे। जब स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया तो पर्यटकों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।
घटना में घायल स्थानीय युवाओं को पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं हिरासत में लिए गए सात पर्यटकों को चौकी से कोतवाली लाया जा रहा था। इसी दौरान पहले से मौजूद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर पुलिस अभिरक्षा में पर्यटकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने हालात पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button