
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /रुद्रपुर। मेट्रोपोलिस सिटी निवासी व्यक्ति को गूगल पर फ्लिपकार्ट कस्टर केयर नंबर खोजना महंगा पड़ गया। नंबर पर काल किया तो व्हाटसएप पर एक लिंक आया। जिसे क्लिक करते ही खाते से 98 हजार रुपये उड़ा लिए गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।मेट्रोपोलिस सिटी निवासी व्यक्ति ने बताया कि 16 जनवरी को उन्होंने गूगल पर फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर नंबर पर खोजा था। इस दौरान उन्हें एक नंबर मिला। इसके बाद उन्होंने नंबर पर काल किया तो बताया गया कि वह फ्लिपकार्ट का कर्मचारी है। उनकी समस्या के समाधान के लिए उनके व्हाटसएप नंबर पर एक लिंक भेजा गया। जब उन्होंने लिंक क्लिक किया तो उनके मोबाइल पर कुछ गतिविधि हुई।कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। साइबर ठगी का एहसास होते ही उन्होंने बैंक में संपर्क किया। साथ ही साइबर थाने में शिकायत कराई। प्रकाश चंद्र ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात साइबर ठग पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


