शादी के मंडप में पुलिस को लेकर पहुंची महिला, बोली- मैं इसकी पहली पत्नी, फिर…

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /दिनेशपुर। कस्बे में सोमवार को एक शादी चर्चा का विषय बन गई। विवाह समारोह में एक युवक शादी कर रहा था, इसी बीच एक महिला पुलिस को लेकर मौके पर जा धमकी और हंगामा खड़ा कर दिया। उसका दावा था कि वह युवक की पहली पत्नी है।आरोप है कि बिना तलाक लिए युवक अन्य लड़की के साथ शादी कर रहा है। हालांकि, जब तक पुलिस पहुंची विवाह हो चुका था। पुलिस ने पीड़िता को आरोपित पति के विरुद्ध न्यायालय जाने की सलाह दी।
सोमवार को गदरपुर माजरा हसन निवासी महिला थाने पहुंची और पति पर बिना तलाक लिए विवाह रचाने का आरोप लगाते हुए विवाह रुकवाने की मांग की। जिस पर थाने में तैनात महिला एसआई सोनिका जोशी निकटवर्ती गांव पहुंची, जहां शादी चल रही थी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची विवाह संपन्न हो चुका था।पुलिस ने पति पक्ष से बिना तलाक लिए विवाह करना अवैध बताया। इस बीच दोनों पक्ष के लोगों में जमकर बहस हुई। उधर, आरोपित पक्ष का कहना था कि वह छह वर्षों से अलग अलग रह रहे हैं। जो फैसला पंचायत के माध्यम से हुआ था। बाद में पुलिस ने पीड़िता को आरोपित पति के विरुद्ध न्यायालय जाने की सलाह दी।


