एंजल चकमा प्रकरण में नेपाल सरकार से वार्ता, बॉर्डर पर STF; 1 लाख का इनामी अभी भी आजाद

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून के सेलाकुई में चर्चित एंजल चकमा हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। नेपाल निवासी आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए उच्च स्तर पर नेपाल सरकार से बातचीत की जा रही है। सरकार आरोपी पर एक लाख का ईनाम घोषित कर चुकी है। उधर, बॉर्डर पर एसटीएफ की टीम डेरा डाले हुए है।पुलिस मुख्य आरोपी के खिलाफ एक लाख रुपये इनाम के साथ ही लुक आउट सकुर्लर, ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है। अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। हत्याकांड के बाद से ही उत्तराखंड पुलिस की एक टीम मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की गिरफ्तारी को नेपाल बॉर्डर पर डटी हुई है।घटना के बारे में
जानकारी के अनुसार, नौ दिसंबर को एक मामूली विवाद में एमबीए के मणिपुर निवासी छात्र एंजल चकमा और उसके भाई का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। जिसके बाद युवकों ने एंजल चकमा पर चाकूओं से वार दिया था। जिससे गंभीर रूप से घायल एंजल चकमा की उपचार के दौरान 26 दिसंबर को मौत हो गई थी। इस मामले में नस्लभेदी हमले की बात सामने आई थी। बताया गया था कि आरोपियों ने एंजल और उसके भाई को चीनी कहा था। वारदात में एंजल पर चाकू से कई वार किए गए थे। इस घटना को लेकर एंजल को इंसाफ दिलाने के लिए मणिपुर में भी कई प्रदर्शन किए गए थे।
पुलिस ने नस्लभेदी हमले की थ्योरी नकारी
हालांकि पुलिस ने मामले में नस्लभेदी हमले की बात से इनकार किया था। पुलिस का कहना था कि आरोपियों में कुछ मणिपुर के ही रहने वाले थे। इसलिए नस्लभेदी हमले की थ्योरी सही साबित नहीं होती। मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि नेपाल में जाने के लिए उच्चस्तर पर नेपाल सरकार से बातचीत चल रही है।
गैर जमानती वारंट जारी किए गए
छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नेपाल निवासी यज्ञराज अवस्थी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किए गए हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद पुलिस टीमें आरोपी को नेपाल से भारत लाने में नाकाम रही हैं। ऐसे में ब्लू कार्नर नोटिस व लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद अब पुलिस ने एनबीडब्ल्यू हासिल कर लिया है।