उत्तराखंड

पति की आंखों में मिर्च झोंक प्रेमी के साथ भागी विवाहिता, 15 दिन बाद लौटकर पति को जहर खिलाया

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून के सेवला कलां इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की आंखों में मिर्च झोंककर घर से फरार हो गई और प्रेमी के साथ 15 दिनों तक दिल्ली-हरिद्वार घूमती रही। वापस लौटने के बाद उसने पति को पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे पति की हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने पति के पिता की शिकायत पर महिला और उसकी बहन के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।पटेलनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, यह मामला सेवला कलां क्षेत्र का है। सहारनपुर जिले के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी सेवला कलां स्थित एक कॉलोनी में रह रहे थे। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद होने लगे और अक्सर झगड़े की स्थिति बनती रहती थी।15 दिन प्रेमी संग हरिद्वार और दिल्ली में ठिकाना
आरोप है कि करीब 15 दिन पहले विवाद के दौरान महिला ने अचानक अपने पति की आंखों में मिर्च झोंक दी। इससे पति कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह घर से फरार हो गई। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जानकारी मिली कि वह एक युवक के साथ हरिद्वार और दिल्ली में रह रही थी।

घर लौटी और फिर पति को जहर
बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह बाद, यानी एक मार्च को महिला अचानक वापस घर लौट आई। शुरुआत में उसने सामान्य व्यवहार किया, जिससे परिवार को लगा कि शायद अब विवाद खत्म हो जाएगा। लेकिन कुछ ही दिन बाद एक और गंभीर घटना हो गई। आरोप है कि तीन मार्च को महिला ने पति के पीने के पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया।
महिला और बहन पर मुकदमा
जहरीला पानी पीने के कुछ ही देर बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टी और चक्कर आने लगे, जिसके बाद परिवार के लोग घबरा गए और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए भर्ती कर लिया और इलाज शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने पर युवक के पिता ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला और उसकी बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पटेलनगर के इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला ने वास्तव में किस प्रकार का जहरीला पदार्थ पानी में मिलाया था और इस घटना में उसकी बहन की क्या भूमिका रही। फिलहाल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button