उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र की पीट-पीटकर हत्या, बीबीए और बीटेक के 3 छात्र अरेस्ट

कृतिका भारद्वाज
जनादेश lदेहरादून में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि प्रेमनगर में छात्रों के बीच वर्चस्व की जंग ने खूनी रूप ले लिया था। पुलिस ने हत्या के आरोप में बीटेक और बीबीए के तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मरने वाला छात्र दिव्यांशु जटराना मुजफ्फरनगर का रहने वाला था।मिली जानकारी के अनुसार, केहरी गांव में सोमवार देर रात आपसी रंजिश के चलते एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इस वारदात में 22 वर्षीय छात्र दिव्यांशु जटराना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।वर्चस्व की लड़ाई में खूनी भिड़ंत
पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के अनुसार सोमवार रात कंट्रोल रूम को केहरी गांव में युवकों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। बताया कि एक छात्र को गंभीर हालत में प्रेमनगर अस्पताल लाया गया है। थानाध्यक्ष प्रेमनगर तत्काल पुलिस बल के साथ सीएचसी प्रेमनगर पहुंचे। वहां मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अथाई निवासी दिव्यांशु जाटराना पुत्र अमित जाटराना गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल की एंबुलेंस खराब होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को अपने सरकारी वाहन से ही दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचित किया। देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।
कॉलेज में दबदबे को लेकर थी पुरानी रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवक प्रेमनगर स्थित एक ही निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं। कॉलेज में अपना दबदबा स्थापित करने को लेकर दोनों गुटों में पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी के चलते सोमवार रात यह खूनी संघर्ष हुआ। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाने में बीएनएस की धाराओं- 3(5), 61(2), 103(1) और 191(2) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।हिरासत में लिए गए आरोपी छात्र
पुलिस ने घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पूछताछ में इनकी पहचान युवराज कुमार (20 वर्ष) मूल निवासी भोजपुर (बिहार) बीबीए द्वितीय वर्ष, मधुर खंडेलवाल (19 वर्ष) निवासी रुद्रपुर ऊधमसिंह नगर बीटेक तृतीय वर्ष और शिवम शर्मा (20 वर्ष) मूल निवासी पटना (बिहार) बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र के रूप में हुई है।



