उत्तराखंड

पौड़ी :कार का शीशा टकराने पर विवाद, नाई ने युवक पर कैंची से किया हमला, महिलाओं ने की दुकान पर जाकर तोड़फोड़

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश lपौड़ी जिला मुख्यालय के पुराने जेल गदेरे के पास एक दुकान के आगे कार का शीशा नाई के हाथ से टकरा गया। जिसके बाद नाई व कार चालक के बीच विवाद शुरू हो गया। नाई ने कैंची से हमला कर चालक को घायल कर दिया। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा हुआ। बाद में कुछ लोग एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे और प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक युवक को थप्पड़ मारा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।दुकान में की तोड़फोड़

विवाद के बाद कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपना सामान समेट लिया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने भी दुकान पर जाकर तोड़फोड़ की।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अब्दुल राऊफ, मुज्जमिल, मो. जायद और मो. आकिफ सभी निवासी अपर बाजार को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर तुषार बोरा ने बताया कि मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button