उत्तराखंडधर्म

केदारनाथ धाम के कपाट वैदिक विधि-विधान के साथ खुले, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम

रुद्रप्रयाग |

विश्व प्रसिद्ध 11वें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को प्रातः विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। निर्धारित शुभ मुहूर्त प्रातः 8 बजे कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा।

कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर में पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही भारत की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

कपाट उद्घाटन के दौरान सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। मंदिर परिसर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था तथा कपाट खुलने के पश्चात हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी, फाटा एवं गौरीकुंड होते हुए पूर्व संध्या को ही धाम पहुंच चुकी थी। कपाट खुलने की प्रक्रिया प्रातः 5 बजे से प्रारंभ हुई, जिसके बाद रावल एवं पुजारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से श्रद्धालुओं के प्रति सेवा एवं आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की। कपाट खुलने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button