उत्तराखंडराज्य

देहरादून आज रात होगा 30 मिनट अंधेरे में, एयर रेड मॉक ड्रिल से गूंजेगा शहर

देहरादून,   राजधानी देहरादून में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आज शुक्रवार रात्रि 10 बजे एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के चार संवेदनशील क्षेत्रों में लगभग 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी संभावित हवाई हमले या आपात स्थिति की परिस्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, समन्वय एवं प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आईएसबीटी, घंटाघर, आराघर तथा रायपुर स्थित रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स अनुप्रयोग प्रयोगशाला (डीईएएल/डीआरडीओ) क्षेत्र में सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद ब्लैकआउट लागू किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया गया है। यहां से मोबाइल, वायरलेस एवं अन्य दूरसंचार माध्यमों के जरिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस एवं पुलिस बल भी तैनात रहकर स्थिति पर सतत नजर बनाए रखेंगे।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने जानकारी दी कि यह मॉक ड्रिल गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही है, जिसमें जिलाधिकारी कंट्रोलर के रूप में संपूर्ण संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही घबराएं, क्योंकि यह केवल आपातकालीन तैयारियों का एक अभ्यास है। साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें।

प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आमजन में जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button