खराब मौसम के चलते रद्द हुआ राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा, दिल्ली लौटे
देहरादून। खराब मौसम के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द हो गया। राहुल गांधी को आज अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करना था, जिसके लिए वे निर्धारित समय पर पंतनगर पहुंच गए थे। यहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा रवाना होना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर की एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने फोन के माध्यम से अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद कुछ समय तक मौसम सुधरने का इंतजार किया गया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने के कारण उनका पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। बाद में राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली लौटने से पहले राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, उम्मीदों और चिंताओं को समझना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से यह संभव नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि उनके कार्यक्रम में पौड़ी में पूर्व सैनिकों से मुलाकात और कोटद्वार का दौरा भी शामिल था, जिसे मौसम की खराबी के कारण स्थगित करना पड़ा। राहुल गांधी ने कहा कि परिस्थितियां हमेशा हमारी योजनाओं के अनुसार नहीं होतीं, लेकिन इससे लोगों से मिलने और उनके साथ जुड़ने की उनकी इच्छा कम नहीं होती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे और लोगों के साथ पर्याप्त समय बिताकर संवाद करेंगे।