बिहार

राजधानी पटना के पुलिस लाइन में सिपाही ने की आत्महत्या

पटना(जनादेश एक्सप्रेस)

राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले पुलिस लाइन में सिपाही -चालक अशोक कुमार सिंह ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सिपाही मूलत: भोजपुर जिले का निवासी था।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद और बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। डीएसपी ने बताया कि शव पंखे के सहारे फंदे से लटकते मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

अशोक कुमार सिंह के दो बेटे हैं। वह बड़े बेटे के साथ पुलिस लाइन में रह रहे थे।

बड़ा बेटा अजीत कुमार किसी काम से बाहर गया था। उनकी पत्नी दो दिन पहले घर गई थीं। बुधवार की रात घर में कोई नहीं था। इसी बीच उन्होंने पंखे के सहारे फांसी का फंदा बनाया और झूल गए।

पुलिस की मानें तो अशोक के बड़े बेटे अजीत की शादी एक वर्ष पहले फरवरी 2024 में हुई थी। उनके दूसरे बेटे रंजीत ने पिता की इच्छा के बिना दो माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। पुलिस की मानें तो छोटे बेटे के प्रेम विवाह से अशोक खुश नहीं थे।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button