अपराधदिल्लीदेशब्रेकिंग न्यूज़व्यंग

गणतंत्र दिवस से पहले नोएडा और अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

कृतिका भारद्वाज

जनादेश /नई दिल्ली/नोएडा/अहमदाबाद: गणतंत्र दिवस से महज तीन दिन पहले नोएडा और अहमदाबाद के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला, जिससे हड़कंप मच गया। नोएडा के शिव नादर स्कूल और फादर एग्नेल स्कूल सहित अहमदाबाद के कई निजी स्कूलों को शुक्रवार को यह धमकी मिली।धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद एहतियातन स्कूल प्रशासन ने छात्रों को जल्दी छुट्टी दे दी और तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई।

नोएडा में धमकी के बाद दोनों स्कूलों में सुरक्षा बलों की टीमें भेजी गईं। जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी स्कूल परिसरों में तैनात किया गया। शिव नादर स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को निर्धारित ड्रॉप-ऑफ पॉइंट्स तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की और अभिभावकों से बस स्टाफ के संपर्क में रहने की अपील की। स्कूल की प्रिंसिपल अंजू सोनी ने अभिभावकों से सहयोग और समझदारी बरतने का अनुरोध किया।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नोएडा पुलिस ने बताया कि मौके पर जांच के साथ-साथ साइबर टीम भी ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, स्कूलों में शांति और व्यवस्था बनी हुई है और लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
वहीं अहमदाबाद में भी कई निजी स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच की गई।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button