
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड /बाजपुर। क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गांव निवासी विवाहित बेटी ने अपने ही पिता पर शादी से पहले दुष्कर्म के प्रयास और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित पिता के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।पुलिस चौकी दोराहा क्षेत्रांतर्गत निवासरत पीड़िता ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2024 में तथा उससे पूर्व भी कई बार उसके पिता ब्यूटी पार्लर पर आए और वहां उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान पिता ने उसके शरीर के नाजुक अंगों को छुआ और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।पीड़िता का कहना है कि इस घटना से संबंधित वीडियो भी उसके पास मौजूद है। पीड़िता ने बताया कि सामाजिक शर्मिंदगी के चलते उसने यह बात पहले अपने परिवार को नहीं बताई। उसकी सौतेली मां उसके पिता का ही पक्ष लेती है। पीड़िता की शादी करीब आठ माह पूर्व हो चुकी है, लेकिन आरोप है कि पिता लगातार उसके पति के मोबाइल नंबर पर फोन कर उसे मायके बुलाने का दबाव बनाते हैं।
पीड़िता को आशंका है कि यदि वह मायके गई तो उसके साथ दोबारा ऐसी घटना हो सकती है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की तहरीर पर नामजद आरोपित पिता के विरुद्ध पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। इस संबंध में सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच करवाई जा रही है।


