उत्तराखंड

हाईवे पर हनीट्रैप का झांसा, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो; गैंग की 2 महिलाएं समेत 6 अरेस्ट

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड lऊधमसिंह नगर जिले में हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट और ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नानकमत्ता पुलिस ने घेराबंदी कर दो महिलाओं समेत छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है।एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 14 मार्च की रात आरोपियों ने महिलाओं के माध्यम से फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने उसे नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छीझाला इलाके में बुलाया। पीड़ित जैसे ही अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से मौजूद महिलाओं और उनके साथियों ने उसे घेर लिया।पीड़ित के कपड़े उतारकर अश्लील वीडियो भी बना
आरोपियों ने उसे कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद कपड़े उतरवाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई। साथ ही उससे 50 लाख की फिरौती मांगने की योजना बनाई गई। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार लूट ली।

लूट का सामान बरामद
15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम क्षेत्र में घेराबंदी कर सामने से आती हुंडई आई-10 कार को रोका। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली। पूछताछ के आधार पर बाद में रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को वाटर स्पोर्ट्स, नानकमत्ता के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटी गई सोने की अंगूठी और नगदी भी बरामद हुई।

मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, अवैध शस्त्र और अन्य संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।
ये हुए गिरफ्तार
तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी गिधौर कोतवाली नानकमत्ता, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया कोतवाली खटीमा, सीमा कौर पत्नी राजेन्द्र सिंह निवासी भड़ाभुड़िया, गुरमीत कौर पत्नी तारा सिंह निवासी गिधौर, गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल पुत्र सर्वण सिंह निवासी ग्राम वरकीडांडी कोतवाली नानकमत्ता, रमन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी ग्राम गिधौर को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल (खटीमा), निरीक्षक मंजू पांडे, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, नवल किशोर, सुनील कुमार, कांस्टेबल कमल पाल, राजकुमार बोरा, नवनीत कुमार, शुभम सैनी, प्रकाश आर्य, रणवीर सिंह, एसओजी कांस्टेबल भूपेंद्र आर्य, महिला कांस्टेबल बबीता रानी और कमला गोस्वामी शामिल रहे।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button