
कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून सिल्वर सिटी राजपुर रोड के पास गोली चलने की खबर सामने आई है। एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शहर में लगातार एक के बाद एक हो रही क्राइम की घटनाओं ने लोगों में दहशत है। देहरादून जिले में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महज 14 दिन के भीतर चौथी हत्या हुई और आज फिर शहर में वारदात को अंजाम दिया गया।देहरादून शहर में बीती दो फरवरी को गुंजन हत्याकांड ने सनसनी फैला दी थी। दूल्हा बाजार में सुबह करीब 11 बजे आकाश ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर हत्या कर दी थी। आरोपी सलाखों के पीछे है, इस मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर रिकाॅर्ड समय में हत्यारोपी आकाश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में प्रीति रावत (30) की उनके लिव-इन पार्टनर सुरेश गुप्ता ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने संपत्ति बेचने के बाद घर न मिलने और शादी से जुड़ी अनबन के चलते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को सहारनपुर से 36 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं, 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। 18 वर्षीय छात्रा का शव 29 जनवरी की रात ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था।तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी अर्जुन शर्मा की जिस तरह से गोली मारकर हत्या की है उससे इलाके में अफरातफरी है। बेखौफ बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम देकर देहरादून पुलिस को खुली चुनौती दी है।