उत्तराखंड

मायके वालों के साथ मिलकर 70 साल की बुजुर्ग सास को पीट-पीटकर मार डाला, बहू समेत 6 पर मुकदमा

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश lउत्तराखंड के दिनेशपुर में पारिवारिक कलह का मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटी बच्ची को लेकर पति-पत्नी के बीच उपजा विवाद बढ़ा तो वर्षों पुरानी भूमि के झगड़े से जुड़ता चला गया और आखिरकार युवक की मां को जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि पत्नी की ओर से बुलाए गए मायके पक्ष के लोगों ने मारपीट की, जिसमें सास संध्या शाह की मौत हो गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी सुरभि शाह, सास सुजाता, साली दिशा और साले अमन समेत छह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।वार्ड चार निवासी प्रसन्नजीत शाह पुत्र स्व. सुधीर शाह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे उनका पत्नी सुरभि से विवाद हुआ था। आरोप लगाया कि बेटी को बुखार आने के बाद पत्नी उसकी देखरेख में लापरवाही बरत रही थी। जिसके बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को घर बुला लिया। प्रसन्नजीत ने आरोप लगाया कि घर पहुंचे लोगों ने एकजुट होकर उससे और उनकी मां संध्या शाह(70) से मारपीट की। हमलावरों ने मां को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए। जिनकी मदद से मां को अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शादी के बाद से ही अनबन

शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी मायके चली गई थी। बाद में जब पति की ओर से भूमि बेची गई और रुपये मिलने की सूचना उसे मिली तो वह दोबारा ससुराल लौट आई। इसके बाद परिवार में जमीन-जायदाद को लेकर झगड़े बढ़ते गए। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने नाम से एक प्लॉट खरीदा था। इस बात को लेकर पत्नी ने आपत्ति जताई कि प्लॉट उसके नाम से क्यों नहीं लिया गया। इस मुद्दे पर दोनों के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से विवाद चल रहा है। कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा।
छोटी बच्ची को लेकर कहासुनी
वहीं मंगलवार रात छोटी बच्ची को लेकर फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि पत्नी ने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया। इन लोगों और परिवार के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान युवक की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में गम और गुससा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

बेटे ने कहा- मां को कमरे में बंद कर मार डाला
पुलिस को दी तहरीर में प्रसन्नजीत शाह ने बताया है कि उनका पत्नी सुरभि से पिछले कुछ सालों से विवाद चल रहा था लेकिन दोनों साथ ही रहते हैं। बीती शाम जब दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो सुरभि ने उसे और मां को देख लेने और सबक सिखाने की धमकी दी थी। आरोप है कि उनकी मां को एक कमरे में बंद कर जान से मार दिया।

परिजनों ने एसएसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार
दिनेशपुर। घटना स्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से सभी प्रकार के साक्ष्य एकत्र किए। एसएसपी अजय गणपति तथा एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ डीआर वर्मा तथा थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह बिष्ट के सामने रोते हुए मृतका के बेटी रानी ने मामले में कार्रवाई करने की मांग की।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button