उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़

अमित शाह दो दिन के दौरे पर आएंगे हरिद्वार, शताब्दी समारोह में लेंगे भाग, रक्षा मंत्री के शामिल होने की भी संभावना

कृतिक भारद्वाज

जनादेश :/हरिद्वार | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर 21 जनवरी को हरिद्वार पहुंचेंगे। इस दौरान वह गायत्री परिवार द्वारा आयोजित माता भगवती देवी शर्मा के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे। वहीं, समारोह से जुड़े किसी कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। अमित शाह 21 जनवरी को अपराह्न करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश पहुंचेंगे। यहां वे गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शाम करीब पांच बजे हरिद्वार के लिए रवाना होंगे और पतंजलि योगपीठ में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री का रात्रि विश्राम हरिद्वार में ही प्रस्तावित है।अगले दिन 22 जनवरी की सुबह अमित शाह शांतिकुंज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां उनका संबोधन भी प्रस्तावित है। इसके पश्चात वे अखंड ज्योति पत्रिका के शताब्दी वर्ष समारोह में भाग लेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दौरे के दौरान वे विभिन्न धार्मिक और वैचारिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे।
 
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हरिद्वार पहुंचे थे और शताब्दी समारोह से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने इसे राष्ट्र की कृतज्ञता का भाव बताते हुए कहा कि माता भगवती देवी शर्मा का जीवन त्याग, समर्पण और गहन आध्यात्मिक साधना का उत्कृष्ट उदाहरण है।मुख्यमंत्री ने कहा कि माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों ने अनगिनत लोगों का मार्गदर्शन किया और उन्हें मूल्यों, अनुशासन और समाज सेवा की दिशा में प्रेरित किया।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button