उत्तराखंड
हरिद्वार के विष्णु घाट पर देर रात भीषण आग, तीन दुकानें जलकर राख; बड़ा हादसा टला

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित विष्णु घाट चौक पर देर रात करीब डेढ़ बजे खाने-पीने की तीन दुकानों में भीषण आग लग गई।
आग का कारण एक छोटे एलपीजी सिलेंडर के फटने को बताया जा रहा है। धमाके के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें पास स्थित होटल हरि निवास और राज होटल के दूसरे तल तक पहुंच गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के कारण पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
एहतियातन होटलों में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और दुकानों में रखे चार अन्य सिलेंडरों को भी समय रहते हटा लिया गया।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। रात में बाजार बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और फायर टीम ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया।



