पत्नी को बीच में नहीं लाना था; हरिद्वार विधायक की भाजपा नेता चैंपियन को सड़क पर उतरने की

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /हरिद्वार की सियासत में एक बार फिर तल्खी खुलकर सामने आ गई है। खानपुर से विधायक उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर तीखा बयान जारी कर भाजपा के बाहुबली नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर सीधा हमला बोला है। एक दिन पहले चैंपियन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न सिर्फ उमेश कुमार, उनकी पत्नी पर भी टिप्पणी की थी। मामले में अब उमेश कुमार ने चैंपियन को सड़क पर उतरने और आमने-सामने जंग की चुनौती दी है। दोनों नेताओं के बीच इस तरह की बयानबाजी से पुलिस विभाग सतर्क हो गया है।विधायक उमेश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि वह अक्सर चुप रहने की कोशिश करते हैं ताकि क्षेत्र में तनाव न बढ़े, लेकिन उनकी चुप्पी को कमजोरी समझा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को निशाना बनाते हुए अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने खुली चुनौती देते हुए आमना-सामना करने की बात कही और तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। इन पोस्टों के सामने आते ही हरिद्वार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।पुरानी रंजिश फिर सतह पर
जानकारों का कहना है कि उमेश कुमार और कुंवर प्रणव चैंपियन के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता कोई नई बात नहीं है। दोनों के बीच पहले भी बयानबाजी और टकराव के कई मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल जनवरी में दोनों के बीच गोलियां चली थी। अब चैंपियन की महापंचायत के आह्वान ने यह विवाद फिर सुर्खियों में ला दिया है।
उमेश कुमार बोले- पत्नी को बीच में नहीं लाना था। फेसबुक पोस्ट में उमेश कुमार ने कहा कि ‘कल कहता है सोनिया शर्मा की औकात क्या, कौन सुनेगा अपनी पत्नी के लिए ऐसे शब्द? हमसे लड़ों परिवार को क्यों बीच में लाते हो। क्या हमने कभी इसके परिवार पर टिप्पणी की?’ उमेश कुमार ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई व्यक्तिगत स्तर पर नहीं ले जानी चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि उकसावे की राजनीति जारी रही तो वह जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे।
समर्थकों में बढ़ी सक्रियता
दोनों नेताओं के समर्थक सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। बयान के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है। जानकारों का मानना है कि यह टकराव आने वाले समय में और बढ़ सकता है, खासकर यदि महापंचायत या सार्वजनिक मंचों पर आमना-सामना होता है।
पुलिस विभाग अलर्ट
स्थानीय प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। हाल के तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्क है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने स्पष्ट किया कि धर्मनगरी हरिद्वार की शांति और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री को गंभीरता से लिया जा रहा है।



