उत्तराखंड

जिसने अपने नाम में ‘मोहम्मद’ लगाया, राहुल गांधी उसके संग पार्टी कर रहे: उत्तराखंड CM धामी

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड lमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपुली में कहा कि कांग्रेस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सहारा लेकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक का नाम लेते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि मोहम्मद नाम वाले राहुल को पसंद आते हैं। वे उनके साथ पार्टी कर रहे हैं।मुख्यमंत्री नयार वैली फेस्टिवल के उद्घाटन के लिए सतपुली के बिलखेत पहुंचे थे। कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाने के साथ कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए पूरी ताकत से जुटी है। वहीं, कांग्रेस अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने के प्रयास में लगी है। जिन मामलों पर सरकार पहले ही कार्रवाई कर चुकी है, कांग्रेस उन्हीं को मुद्दा बनाकर आंदोलन कर रही है।मोहम्मद दीपक के बहाने राहुल गांधी पर निशाना
धामी ने कहा कि देवभूमि की डेमोग्राफी कांग्रेस के समय में खराब हुई थी। अब हम उसे दुरुस्त कर रहे हैं तो यह कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है। धामी ने कहा कि जिस व्यक्ति ने अपने नाम के आगे मोहम्मद लगाया, राहुल गांधी उसी के साथ पार्टी कर रहे हैं। उत्तराखंड के बच्चे-बच्चे में राष्ट्र भावना है और यहां राहुल गांधी की चलने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल वोट बैंक के लिए काम करती है।

बेटियों की बेहतरी के लिए सरकार संकल्पबद्ध
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम पुष्कर धामी ने नंदा गौरा योजना के तहत राज्य की 33251 बेटियों के खाते में डीबीटी के जरिए 145 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जन्म के समय बेटा- बेटी के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने के लिए नंदा गौरा योजना चलाई जा रही है। इस योजना में बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपए और बेटी के 12वीं पास करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार की धनराशि प्रदान की जा रही है। इस मौके पर सचिव चंद्रेश कुमार मौजूद थे।
युवा सीखेंगे पैराग्लाडिंग
सतपुली। सतपुली के बिलखेत में गुरुवार से आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नयार घाटी को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। नयार वैली में पैराग्लाडिंग प्रशिक्षण संस्थान खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन-चार महीने में निर्माणाधीन सतपुली झील बनकर तैयार हो जाएगी, जो यहां के लोगों के लिए एक बड़ा रोजगार का जरिया बनकर सामने आएगी। सरकार पूरे प्रदेश में इसी तरह के महोत्सव आयोजित कर रही है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button