उत्तराखंड

निवेश के नाम पर 1.31 करोड़ ठगे; उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक फैले साइबर गैंग का भंडाफोड़

कृतिका भारद्वाज

जनादेश lउत्तराखंड एसटीएफ की साइबर सेल ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन्होंने एक व्यक्ति से 1 करोड़ 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने उसे निवेश करने के लिए उकसाया और अलग-अलग बैंक खातों में उससे कुल 1.31 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए।जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने देहरादून के साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

महाराष्ट्र से तीन गिरफ्तारियां

जांच के दौरान एसटीएफ को इस गिरोह के बारे में अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर तीन आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक उत्तम बाफना, आशीष कुमार और मोहम्मद श्रीम उर्फ नासिर शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर इलाके के रहने वाले हैंपुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। STF का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ज्यादा मुनाफे के लालच में निवेश करने से बचें और सतर्क रहें।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button