उत्तराखण्ड में डिजिटल जनगणना-2027 की शुरुआत
लोक भवन, देहरादून |
उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 का शुभारंभ आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा लोक भवन में स्व-गणना के माध्यम से किया गया। इसके साथ ही प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
यह जनगणना देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसमें डेटा संग्रहण डिजिटल माध्यमों से किया जा रहा है। नागरिकों को वेब-आधारित पोर्टल के जरिए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी प्रदान की गई है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और स्व-गणना के माध्यम से सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है।

गृह मंत्रालय के जनगणना निदेशालय की निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।
इससे पूर्व, 10 से 24 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को se.census.gov.in पोर्टल पर लॉगिन कर स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से वे स्वयं एवं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

