उत्तराखंडदुर्घटना

उद्घाटन से पहले एक्सप्रेसवे पर भिड़ंत, 5 गाड़ियां टकराईं

देहरादून : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से ठीक पहले बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं, लेकिन उससे पहले रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में डाटकाली मंदिर के पास पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में चल रही एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि सभी यात्रियों को हल्की चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।

हादसे के बाद करीब 40 मिनट तक एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू किया गया।

गौरतलब है कि 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर महज ढाई घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से डाटकाली मंदिर के पास डबल बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि कोई भी वाहन अनधिकृत रूप से प्रवेश न कर सके।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button