राजस्थान के दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े, एक को गोली लगी

देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पीछा कर पकड़ लिया गया। वहीं, तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर पुलिस ने राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन कार सवार बदमाश बैरियर तोड़कर सेलाकुई की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। भागते हुए आरोपी रामगढ़ क्षेत्र के पास वाहन छोड़कर नदी की ओर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
