देश

सपनों की उड़ान को मिलेगा सहारा, 10वीं-12वीं के बाद उपलब्ध हैं ये खास स्कॉलरशिप्स

हैदराबाद।10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा का सपना छोड़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ कई बड़ी निजी कंपनियां मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए आकर्षक छात्रवृत्ति योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं के तहत स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और विदेश में पढ़ाई तक के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

10वीं के बाद छात्रों के लिए कई प्रमुख छात्रवृत्तियां उपलब्ध हैं। कोटक जूनियर स्कॉलरशिप के तहत मुंबई महानगर क्षेत्र के 11वीं और 12वीं के छात्रों को मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, विद्याधन स्कॉलरशिप योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को वार्षिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा सीबीएसई सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप और एनएमएमएस जैसी योजनाएं भी छात्रों को पढ़ाई जारी रखने में मदद करती हैं।

12वीं के बाद कॉलेज स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण सरकारी छात्रवृत्तियां उपलब्ध हैं। सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर वित्तीय सहायता दी जाती है। वहीं, विज्ञान विषयों में उत्कृष्ट छात्रों के लिए इंस्पायर स्कॉलरशिप योजना चलाई जाती है। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं के लिए एआईसीटीई प्रगति स्कॉलरशिप और पूर्व सैनिकों व शहीद पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही है।

सरकारी योजनाओं के अलावा कई कॉर्पोरेट और निजी संस्थाएं भी छात्रवृत्तियां प्रदान कर रही हैं। रिलायंस फाउंडेशन, एसबीआई, एलआईसी, टाटा कैपिटल, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एचडीएफसी जैसी संस्थाओं की स्कॉलरशिप योजनाएं लाखों छात्रों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही हैं। इन योजनाओं के तहत छात्रों को हजारों रुपये से लेकर लाखों रुपये तक की मदद मिल सकती है।

विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए भी कई अवसर उपलब्ध हैं। विभिन्न सरकारी और निजी योजनाओं के तहत ट्यूशन फीस, रहने-खाने का खर्च और अन्य शैक्षणिक सहायता प्रदान की जाती है। कुछ योजनाओं में विदेशों में पढ़ाई के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति और वार्षिक भत्ते की भी व्यवस्था है।

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को पासपोर्ट फोटो, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), फीस रसीद और आधार से जुड़े बैंक खाते की जानकारी तैयार रखनी चाहिए। सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल और अन्य सरकारी पोर्टलों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है, जबकि निजी छात्रवृत्तियों के लिए संबंधित संस्थाओं की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन करना होता है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button