उत्तराखंड

केदारनाथ उपचुनावः मैदान में छह प्रत्याशी, हटने को कोई तैयार नहीं

चार नवंबर को नाम वापसी का दिन, फिर तेज हो जाएगा चुनावी घमासान

जनादेश एक्सप्रेस/देहरादून

केदारनाथ उपचुनाव में छह प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होना तय माना जा रहा है। हालांकि चार नवंबर को नाम वापसी का दिन तय है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि कोई भी प्रत्याशी नाम वापस नहीं लेगा। वैसे, यह भी तय माना जा रहा है कि इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आमने-सामने का मुकाबला होगा।
नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जो स्थिति उभरी है, उसमें छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में दिखाई दे रहे हैं। इनमें भाजपा की आशा नौटियाल, कांग्रेस के मनोज रावत, यूकेडी के आशुतोष भंडारी, निर्दलीय त्रिभुवन सिंह चैहान, पीपुल्स पार्टी आॅफ इंडिया डेमोक्रेटिक के प्रदीप सिंह रूडिया, निर्दलीय आरपी सिंह शामिल हैं। सपा का इस क्षेत्र में कोई आधार नहीं है, लेकिन उसने फिर भी कांगे्रस को समर्थन की घोषणा की है।
इस सीट पर जब तक भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया था, तब तक चुनाव की सरगर्मियां नजर नहीं आ रही थी। मगर दोनों दलों के प्रत्याशियेां के नामांकन के बाद चुनावी फिजां बदल गई है। चुनाव प्रचार तेज है। त्यौहारी मौसम के बीच प्रत्याशी अपने लिए वोट मांगने जनता के बीच पहुंच रहे हैं। त्यौहार खत्म होने के बाद प्रचार में और तेजी आनी तय है। इस सीट पर 20 नवंबर पर मतदान होगा। चुनाव का नतीजा 23 नवंबर को घोषित हो जाएगा।

 

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button