
राजपुर थाना क्षेत्र की वायरलेस विभाग की आवासीय परियोजना बनी निशाना, देर रात वारदात को दिया अंजाम
कृतिका भारद्वाज
जनादेश :/राजपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस आवासीय कॉलोनी में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए स्टोर का ताला तोड़कर लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के बिजली के तार चोरी कर लिए। यह घटना पुलिस वायरलेस विभाग की निर्माणाधीन कॉलोनी में हुई, जहां सुरक्षा के बावजूद चोर आसानी से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस वायरलेस विभाग के अंतर्गत टाइप-दो और टाइप-तीन आवासीय क्वार्टरों के निर्माण के लिए बनाए गए स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया। बीती 16 जनवरी की रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने स्टोर का ताला तोड़ दिया और वहां रखे बिजली के तारों के लगभग 200 बंडल चोरी कर लिए।
निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार राजन कोठारी, निवासी माधव रेजीडेंसी, मोथरोवाला रोड ने बताया कि चोरी गए माल की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। चोरी की सूचना मिलने के बाद ठेकेदार को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तीन दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़े।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है।