दिल्लीदेशब्रेकिंग न्यूज़विश्व

दिल्ली शिखर सम्मेलन से पहले यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं का भारत दौरा, गणतंत्र दिवस पर होंगे मुख्य अतिथि

कृतिका भारद्वाज

जनादेश /नई दिल्ली: आगामी सप्ताह में होने वाले 16वें भारत-यूरोपीय संघ (ईयू-भारत) शिखर सम्मेलन से पहले यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत की चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस दौरान भारत-ईयू संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए कई अहम पहलों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन 27 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिखर वार्ता करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की आर्थिक और सुरक्षा नीतियों से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ी हुई है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा रविवार (25 जनवरी 2026) को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे। दोनों यूरोपीय नेता 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के निष्कर्ष की घोषणा किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही रणनीतिक रक्षा साझेदारी समझौते और भारतीय पेशेवरों की आवाजाही (मोबिलिटी) के लिए एक ढांचा तय किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उर्सुला वॉन डेर लेयेन का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण की रूपरेखा तय करने की दिशा में यह यात्रा अहम है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का भारत की राजकीय यात्रा पर हार्दिक स्वागत है।”
उन्होंने आगे कहा, “दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र होने के नाते, भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझेदारी आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है।”
बीते कुछ वर्षों में भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में लगातार मजबूती आई है। यूरोपीय संघ, एक समूह के रूप में, वस्तुओं के व्यापार में भारत का सबसे बड़ा साझेदार है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-ईयू के बीच कुल वस्तु व्यापार लगभग 136 अरब डॉलर का रहा, जिसमें भारत का निर्यात करीब 76 अरब डॉलर और आयात लगभग 60 अरब डॉलर रहा।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button