उत्तराखंड

50 लाख और पढ़ी-लिखी बीवी की चाहत; शहबाज ने निकाह के 4 महीने बाद पत्नी को बेरहमी से मार डाला

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश lदेहरादून में एक लैब कर्मचारी ने चार महीने पहले ब्याह कर लाई पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी शहबाज ने पुलिस को बताया कि कहकशां को वह पसंद नहीं करता था, क्योंकि वह कम पढ़ी-लिखी थी। वह दूसरी शादी करने की योजना बना रहा था। अपनी इस ‘अनचाही’ शादी से छुटकारा पाने और दूसरी जगह निकाह करने की जिद में आरोपी ने एक हफ्ते पहले ही अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी बताया कि उसकी पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी और उसे पसंद नहीं थी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शहबाज निवासी रिस्पना नगर थाना नेहरू कॉलोनी की शादी बीते साल 19 नवंबर को कहकशां से हुई थी। शहबाज ने पूछताछ में बताया कि तीन मार्च की रात कंबल से मुंह दबाकर उसने पत्नी की जान ले ली। घरवालों की इज्जत की खातिर उसने दबाव में आकर निकाह किया था।मृतका के परिजनों का आरोप है कि कम दहेज मिलने के कारण शादी के बाद से ही ससुरालियों का भी व्यवहार खराब हो गया था। शहबाज किसी पढ़ी-लिखी युवती से दूसरी शादी करना चाहता था।

आरोपी ने कंबल से मुंह दबाकर ली जान
आरोपी ने एक सप्ताह पहले कहकशां को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची और तीन मार्च की रात कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद उसे अस्पताल ले गया। मृतका के भाई सलमान की तहरीर पर पुलिस ने पति शहबाज के अलावा ससुर, सास, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी सरकारी अस्पताल से अनुबंध एक लैब में नौकरी करता है।
दहेज के लिए प्रताड़ित किया, प्लॉट के लिए मांगे 50 लाख
कहकशां को दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया गया। रुद्रप्रयाग के अपर बाजार निवासी कहकशां के भाई सलमान आसिफ ने तहरीर में बताया कि 19 नवंबर 2025 को निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। 18 फरवरी को बहन ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले प्लॉट के लिए 50 लाख रुपये मांग रहे हैं।

वारदात की रात (3 मार्च) करीब 11 बजे कहकशा का दोबारा फोन आया था कि पति, सास-ससुर और देवर-ननद बहुत गुस्से में हैं और सुबह तक हर हाल में 50 लाख रुपये मंगाने का दबाव बना रहे हैं। भाई ने सुबह दून आने का भरोसा दिया था, लेकिन रात 1:30 बजे ससुर ने कॉल कर बताया कि कहकशा को कुछ हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और मजिस्ट्रेट ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button