उत्तराखंड

पत्नी से मारपीट के वीडियो को झूठा बता कराया मुकदमा, जांच में निकला सच; कारोबारी पर ही केस

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर दर्ज कराया गया मुकदमा अब शिकायतकर्ता अरबपति कारोबारी के लिए ही मुश्किल बन गया है। सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के मालिक सुयश अग्रवाल ने जिस वीडियो को अपनी छवि धूमिल करने की साजिश बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, पुलिस जांच में वही वीडियो सही पाया गया। जांच के बाद पुलिस ने अब उसी मुकदमे में सुयश अग्रवाल को ही आरोपी बना लिया है।जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड निवासी कारोबारी सुयश अग्रवाल ने 28 जनवरी को देहरादून स्थित साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिससे उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सुयश ने अपनी शिकायत में आशंका जताई थी कि किसी ने जानबूझकर यह वीडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची है।सुयश अग्रवाल ने पुलिस को यह भी बताया था कि उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी 18 जनवरी को उनके मित्र अंकुर अग्रवाल और परिचित मुकुल शर्मा के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया और वीडियो की सत्यता की जांच की मांग की।

जांच में सही निकला वीडियो
हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला अलग ही दिशा में जाता नजर आया। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिख रही घटना वास्तविक है और इसमें सुयश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में उनकी पत्नी ने भी खुद पुलिस को जानकारी दी और घटना की पुष्टि की।
इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को साइबर अपराध थाने से राजपुर थाने स्थानांतरित कर दिया, ताकि घरेलू हिंसा से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा सके। राजपुर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की।

कारोबारी पर ही केस
राजपुर थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर शनिवार को राजपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस मुकदमे को पहले वायरल वीडियो के जरिए छवि धूमिल करने की शिकायत के रूप में दर्ज कराया गया था, अब उसी मामले में सुयश अग्रवाल को ही आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button