देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मौत का तांडव; भीषण टक्कर के बाद 5 गाड़ियों में आग; महिला जिंदा जली

कृतिका भारद्वाज
जनादेश /उत्तराखंड lदेहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब दस बजे पांच वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद वाहनों में भीषण आग लगने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हरिद्वार, ऋषिकेश व लालतप्पड़ से पहुंची फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुट गई। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए तथा कई झुलस गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। रात करीब सवा बारह बजे यातायात सुचारु हो पाया।पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश से एक ट्रैक्टर ट्राली हरिद्वार की ओर जा रही थी। रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास पीछे से आती रोडवेज बस, ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार और एक ट्राला भी इनसे आ भिड़े। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग संभलने का प्रयास कर ही रहे थे कि पीछे से आती एक और कार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से आ टकराई। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहनों में आग आग लग गई। आग की लपटों में घिरे वाहनों से निकले धुएं का गुबार वातावरण में छा गया।हादसे के बाद मची चीख-पुकार, लोग मदद को दौड़े
रायवाला स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार रात भीषण सड़क हादसे में रोडवेज की बस जलकर पूरी तरह से खंडहर दिखी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे के बाद बस और ट्राले के बीच में फंसी कार और ट्रैक्टर ट्राली को देख घटनास्थल पर जुटा हर शख्स परेशान दिखा। पुलिस और फायर बिग्रेड के जवान मौके पर बस, कार, ट्रैक्टर-ट्राली और ट्राले की आग बुझाने में जुटे थे, जिसमें उनकी सहायता के लिए राहगीर भी पूरी तरह से तत्पर दिखे।
राहत-बचाव में जुटी पुलिस और फायर बिग्रेड के साथ स्थानीय लोग आग में जलकर खाक हो चुके ट्रैक्टर-ट्राली को हाथों से हटाते हुए दिखे, जिसमें वह कामयाब भी नजर आए। हर कोई कार, बस, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली में सवार में लोगों की सलामती की कामना भी करता दिखा। हादसा इतना भयावह था कि हर कोई जली हुई गाड़ियों को देखकर हैरत में था। हादसे के बाद देर रात तक जाम नहीं खुल पाया।
दुखद: तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया
हरिद्वार। मोतीचूर के पास दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। इस हादसे में कुसुम नाम की महिला की मौत हो गई, जिसके बाद उसके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार में मातम है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सास रानी ने बताया कि कुसुम के पति सचिन पहले से ही दोनों हाथों से अपंग हैं और किसी प्रकार का काम करने में असमर्थ हैं।
ट्रैक्टर चालक को संभलने का मौका न मिला
ट्रैक्टर चालक लव कुश ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य दून में श्रीझंडाजी की पूजा के बाद लौट रहे थे। तभी मोतीचूर के पास एक बस ने उनको टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि वह ट्रैक्टर को सड़क किनारे लगाने ही वाले थे कि तभी पीछे से आ रही दूसरी बस ने भी जोरदार टक्कर मार दी। लव कुश के अनुसार दूसरी टक्कर के बाद लोग संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने भी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। लगातार तीन वाहनों की टक्कर से ट्रॉली में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हरिद्वार में गंगा स्नान की योजना थी
ट्रैक्टर में सवार रोहित ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की मन्नत पूरी होने पर सभी लोग दून में श्रीझंडा जी को पूजने गए थे। लौटते समय हमने योजना बनाई थी कि हम रात को हरिद्वार रुकेंगे और सोमवार सुबह गंगा स्नान करने के बाद बिजनौर के लिए रवाना होंगे। वहीं, ट्रैक्टर में सवार विक्की ने बताया कि वे लोग 5 मार्च को ही देहरादून पहुंच गए थे और पूजा-अर्चना के बाद वापस लौट रहे थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि मोतीचूर के पास ऐसा हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में 32 लोग सवार
मोतीचूर के पास रविवार देर रात एक ही परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक के बाद एक तीन वाहन भिड़ गए। 32 सदस्यों का यह परिवार देहरादून के श्रीझंडाजी मेले के दर्शन करके वापस बिजनौर लौट रहा था। जानकार बताते हैं कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवारी ढोना प्रतिबंधित है, बावजूद इसके यूपी से उत्तराखंड तक ट्रॉली में लोग सफर करतेे रहे। इतना ही नहीं, दो जिलों को पार करने के बाद भी परिवहन विभाग या फिर पुलिस की नजर ट्रैक्टर ट्राॅली पर नहीं पड़ी, जिससे सरकारी तंत्र की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को पहले दो बसों और उसके बाद ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कई घायलों को उपचार के लिए मेला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां घायलों का उपचार कराया जा रहा है।



