बीच सड़क पत्नी से अश्लील हरकतें, विरोध करने पर मनचलों ने पति को ही पीटा

कृतिका भारद्वाज
जनादेश lपत्नी की तरफ बार-बार घूरने का विरोध करने पर तीन आरोपी युवकों ने पति के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जिससे मौके पर जमकर हंगामा हो गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों आरोपी युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।घटना बीते शनिवार रात की है। रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक युवक पत्नी और बच्चों के साथ रामनगर में एक दुकान पर सामान खरीदने आया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान दुकान के बाहर एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और सड़क किनारे खड़े हो गए।युवक की पत्नी को घूरा, अश्लील इशारे
आरोप है कि युवकों ने युवक की पत्नी की तरफ घूरना शुरू कर दिया। साथ ही अश्लील इशारे भी करने लगे। पत्नी ने इसकी जानकारी पति को दी। आरोप है कि पति ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवकों ने गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर युवकों ने पति के साथ मारपीट कर दी, जिससे मौके पर जमकर हंगामा हो गया।हंगामा होता देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवकों को पकड़ लिया और इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद मौके पर जुटे लोगों से भी पुलिस ने जानकारी ली और पीड़ित लोगों से भी बातचीत की। मामले में पति की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गैरबिरादरी में शादी पर हमला, युवक समेत तीन घायल
मंगलौर। मंगलौर क्षेत्र में गैरबिरादरी में विवाह करने पर युवक और उसके परिवार पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक और उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिलाओं से छेड़छाड़ के भी आरोप लगाए गए हैं। मामला लंढौरा क्षेत्र का है, जहां एक युवक द्वारा गैरबिरादरी की युवती से विवाह करना पड़ोसियों को नागवार गुजर गया। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 मार्च की दोपहर वह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस की कुछ महिलाओं ने उसे देखते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। आरोप है कि कुछ ही देर में जाहिद, जुबैर, साहिल, साबाज और अमजद समेत अन्य लोग सरिया, तलवार और हॉकी लेकर उसके घर घुसकर मारपीट की। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।



