उत्तराखंड

रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत पर 4 गिरफ्तार, एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

कृतिका भारद्वाज 

जनादेश /देहरादून: राजपुर क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की फायरिंग में मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) Pramendra Singh Dobal ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की तलाश जारी है।

112 पर सुबह 6:50 बजे मिली थी सूचना

एसएसपी ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास दो वाहनों के बीच रोडरेज और फायरिंग की घटना हुई है। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस, एसपी सिटी और स्वयं एसएसपी मौके पर पहुंचे।

फायरिंग की इस घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

फॉर्च्यूनर सवारों के बयान संदिग्ध लगे

डोबाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो गाड़ियों में सवार युवक एक-दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे, जिसकी चपेट में आकर ब्रिगेडियर जोशी की मृत्यु हुई।

जब पुलिस ने फॉर्च्यूनर वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की, तो उनके बयान संदिग्ध लगे। इसके बाद पुलिस ने कोठाल गेट स्थित ZEN – Z Club की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

बिल के पैसों को लेकर रात में हुआ था विवाद

जांच में सामने आया कि घटना से एक रात पहले क्लब में बिल के अधिक पैसे लेने को लेकर क्लब मालिक, मैनेजर और कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने सुबह तक इंतजार किया।

क्लब बंद होने के बाद जब कर्मचारी वाहन से जा रहे थे, तभी रास्ते में दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ, जो फायरिंग में बदल गया।

चार गिरफ्तार, तीन फरार

एसएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों को दोषी माना गया है। अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें क्लब के मालिक संदीप समेत अन्य शामिल हैं। दूसरे पक्ष से आदित्य चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

घटना में शामिल दोनों वाहन पुलिस हिरासत में हैं और क्लब को सील कर दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button