उत्तराखंड

शादी में बड़ा बवाल: एक ही मंडप में पहुंचीं दो बारातें, फिर यूं सुलझा मामला

 

अमरोहा : अमरोहा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब एक ही दुल्हन को ब्याहने के लिए दो दूल्हे बारात लेकर बैंक्वेट हॉल पहुंच गए। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के कैलाशा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल का है, जहां एक साथ दो बारातें पहुंचने से हड़कंप मच गया।

दरअसल, दुल्हन का रिश्ता पहले मुरादाबाद के युवक से तय हुआ था और दोनों परिवारों के बीच मंगनी भी हो चुकी थी। 12 अप्रैल को शादी की तारीख तय कर निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे। लेकिन शादी से पहले किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया।

इसके बाद परिवार ने जल्दबाजी में संभल निवासी युवक से बेटी का रिश्ता तय कर दिया और शादी की तारीख व स्थान वही रखा गया। 12 अप्रैल को जैसे ही संभल से बारात पहुंची और स्वागत शुरू हुआ, तभी मुरादाबाद से भी पहली तय हुई बारात वहां आ पहुंची।

एक साथ दो बारातें और दो दूल्हे देखकर जनाती और बाराती दोनों हैरान रह गए। मौके पर हंगामा शुरू हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामला थाने तक पहुंचा, जहां कई घंटे तक बातचीत चली।

पुलिस ने दुल्हन की इच्छा जानी, जिसमें उसने अपने परिवार की सहमति से संभल के युवक के साथ निकाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसी दूल्हे के साथ शादी संपन्न कराई गई। वहीं मुरादाबाद से आए दूल्हे को थाने ले जाकर बाद में छोड़ दिया गया।

फिलहाल मामला शांत हो चुका है, लेकिन यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button